Advertisement

MSP गारंटी कानून की मांग पर महिला महापंचायत, हजारों महिला किसानों ने बुलंद की आवाज

नरवाना/जींद: आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दातासिंहवाला-खनौरी, शम्भू मोर्चों पर MSP गारंटी कानून के मुद्दे पर महिला महापंचायत हुई जिसमें हजारों महिला किसानों ने भाग लिया एवम संचालन व अध्यक्षता महिलाओं ने ही किया। आज महिला वक्ताओं ने ही मंच से अपनी बात रखी।

किसान नेताओं ने कहा कि महिला समाज का 50% हिस्सा बनाती हैं और जिस आंदोलन में महिलाएं शामिल होती हैं, उस आंदोलन की जीत पक्की होती है। महिला किसान वक्ताओं ने बताया कि किसानों की कोई नई मांगें नहीं हैं बल्कि अलग-अलग समय पर अलग-अलग सरकारों द्वारा किये गए वायदे हैं।

महिला वक्ताओं ने बताया कि फसलों की उचित कीमत न मिलने के कारण किसान कर्जदार होते हैं और कर्ज के कारण किसानों को आत्महत्या करने पर मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जगजीत सिंह डल्लेवाल जी अगली पीढ़ी के भविष्य, जमीन एवम खेती को बचाने के लिए 103 दिनों से आमरण अनशन कर रहे हैं और जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होंगी तब तक संयुंक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) एवम किसान मजदूर मोर्चा के नेतृत्व में आंदोलन जारी रहेगा।