हरियाणा प्रदेश सरकार ने गणतंत्र दिवस समारोह के लिए मुख्य अतिथियों के नाम तय कर दिए हैं। 26 जनवरी को राज्यभर में अलग-अलग जिलों में भव्य समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिनमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, मंत्री और सांसद राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष पंचकूला में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम में ध्वजारोहण करेंगे। वहीं, नए जिले हांसी में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल तिरंगा फहराएंगे। तमाम मंत्री और सांसद अलग-अलग जिलों में ध्वज फहराएंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कृष्ण पाल गुर्जर का नाम इस लिस्ट में नहीं है।
गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली में मंत्रियों के साथ बैठक भी की। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और समारोह को भव्य बनाने पर चर्चा की गई।





















