Advertisement

मदद बनी मौत की वजह: नशे में गिरते पति को बचाने दौड़ी पत्नी, सीने में घुसा सब्जी काटने वाला चाकू

गुड़गांव : कमरे में सब्जी काट रही पत्नी को नशे में धुत पति को बचाना भारी पड़ गया। महिला के हाथ में मौजूद चाकू उसके पति की छाती में घुस गया। जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने अब मृतक के चाचा की शिकायत पर मृतक की पत्नी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, खेड़कीदौला थाना  पुलिस को 18 जनवरी को आरर्वी अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया। मृतक की पहचान गांव नखडोला निवासी सुनील के रूप में हुई। मृतक के बेटे के ब्यान पर पुलिस टीम द्वारा धारा 174 बीएनएसएस के तहत आवश्यक व नियमानुसार कार्यवाही करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। 

19 जनवरी को मृतक के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के से ज्ञात हुआ कि उपरोक्त मृतक व्यक्ति की मृत्यु छाती में किसी तेजधार हथियार से लगी चोट के कारण हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के उपरांत मृतक के चाचा द्वारा पुलिस थाना खेड़की दौला में एक लिखित शिकायत दी गई। शिकायत में बताया गया कि प्रारंभ में उन्हें यह सूचना मिली थी कि इसके भतीजे सुनील की मृत्यु हार्ट अटैक से हुई है तथा 19 जनवरी को अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। बाद में इन्हें जानकारी प्राप्त हुई कि 18 जनवरी को सुनील शराब के नशे में घर आया था। जब वह बाथरूम में पेशाब करने गया तो उसका संतुलन बिगड़ गया। उसी समय उसकी पत्नी ममता घर के हॉल में सब्जी काट रही थी। पति को गिरता हुआ देखकर पत्नी उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन जल्दबाजी में उसके हाथ में पकड़े सब्जी काटने के चाकू से सुनील की छाती में चोट लग गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।  पुलिस ने मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पत्नी की पहचान ममता (उम्र-43 वर्ष) के रूप में हुई।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि मृतक सुनील इसका पति था और घटना के दिन वह शराब के नशे में अत्यधिक धुत होकर घर आया था। जब वह बाथरूम की ओर जा रहा था, तो उसका संतुलन बिगड़ गया। उसी समय यह हॉल में बैठकर सब्जी काट रही थी। पति को गिरते हुए देखकर यह उसे संभालने के लिए दौड़ी, लेकिन दुर्भाग्यवश इसके हाथ में पकड़े चाकू से उसके पति की छाती में चोट लग गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। यह घटना अनजाने और बिना किसी आपराधिक इरादे के घटित हुई। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।