हरियाणा में राज्यसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस में टूट पड़ गई है। कांग्रेस हाईकमान ने एससी चेहरे कर्मवीर सिंह बौद्ध को राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाया है। इसको लेकर हरियाणा कांग्रेस में ही नाराजगी देखी जा रही है।
कांग्रेस में ओबीसी मोर्चे ने इसको लेकर अनदेखी का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। ओबीसी कार्यकारी के प्रदेश अध्यक्ष तेलूराम जांगड़ा ने इसी मुद्दे पर अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजा है।
दैनिक भास्कर एप से बातचीत में तेलूराम जांगड़ा ने बताया कि राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची में ओबीसी वर्ग को प्राथमिकता न दिए जाने से वे बेहद आहत हैं। इसी विरोध में उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने पद से इस्तीफा दिया है।



























