Advertisement

बदहाली के आंसू रो रहे खेल मैदान और शहीद स्मारक

भिवानी :

शहर की स्वच्छता और सार्वजनिक संपत्तियों के रखरखाव को लेकर पूर्व जिला पार्षद ईश्वर सिंह मान ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने वीरवार को समाधान शिविर के माध्यम से दो अलग-अलग पत्रों में स्कूल के खेल मैदान और पुरानी कार पार्किंग की दयनीय स्थिति पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
पूर्व जिला पार्षद ईश्वर सिंह मान ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उनके अनुसार नेहरू पार्क, विजय नगर और अशोक रोड जैसे इलाकों से घिरा स्कूल का खेल मैदान अब कूड़ेदान में तब्दील हो चुका है। मैदान के तीन तरफ कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हैं। स्कूल के शौचालयों की हालत इतनी खराब है कि वे पूरी तरह से भरे हुए हैं, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

उन्होंने कहा कि मैदान का एक गेट टूटा हुआ है, जहाँ से लोग अवैध रूप से प्रवेश करते हैं और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। गंदगी के कारण मैदान में जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है, जिससे स्कूली बच्चों की खेल गतिविधियों और शारीरिक विकास में बाधा आ रही है।
ईश्वर मान ने नेहरू पार्क स्थित शहीद सैनिक स्मारक के पास स्थित पुरानी कार पार्किंग का मुद्दा उठाया। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि सार्वजनिक कार्यो के लिए वर्दी की धौंस नहीं चलनी चाहिए, शहर प्रत्येक नागरिक का है।  मान ने कहा कि यह एक एकड़ जमीन साल 2004 में पार्किंग के लिए स्थापित की गई थी, लेकिन 2018 में पुलिस विभाग ने इस पर अपना दावा पेश कर इसे वर्जित क्षेत्र घोषित कर दिया।

पिछले 7 सालों से यहां झाडिय़ां उग आई हैं और कचरे के ढेर लगाए जा रहे हैं। मान का आरोप है कि यहां हर महीने कचरे को आग लगा दी जाती है, जिससे शहर में भारी वायु प्रदूषण फैलता है।
मान ने कहा कि वर्षों से यह कार पार्किंग शहर की सुंदरता पर एक कलंक है।

हम प्रशासन से अपील करते हैं कि खेल मैदान और पार्किंग की सफाई अविलंब कराई जाए, ताकि बच्चों का भविष्य और शहर की हवा सुरक्षित रह सके। ईश्वर मान ने बताया कि वह पिछले 5 महीनों में 5 बार समाधान शिविर में, एक बार एसपी और एक बार डीसी को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ईश्वर सिंह मान ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि यदि जल्द ही उपरोक्त समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे पार्क के सामने सर्कुलर रोड पर धरना शुरू कर देंगे।