करनाल जिला में इन्द्री क्षेत्र के गांव समौरा के एक युवक की अमेरिका के जॉर्जिया में गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक करीब दो साल पहले रोजगार की तलाश में विदेश गया था और वहीं पर स्टोर में काम कर रहा था। घटना के बाद वहां की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
वहीं मृतक का परिवार शोक में डूबा हुआ है और शासन व प्रशासन से शव भारत लाने की गुहार लगा रहा है।
गांव समौरा के चेतक शर्मा उर्फ लाखा वर्ष 2023 में घर से निकला था। वह 2024 में डंकी के जरिए करीब 7 महीने का कठिन सफर तय कर अमेरिका पहुंचा था। इस दौरान उसे कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अमेरिका पहुंचने के बाद भी उसे तुरंत काम नहीं मिला, लेकिन लगातार प्रयास के बाद उसे जॉर्जिया में गुजरात के एक स्टोर संचालक के यहां स्टोरकीपर की नौकरी मिल गई। परिवार के लिए वह उम्मीदों का सहारा बना हुआ था और विदेश में रहकर मेहनत कर रहा था।
चेतक अपने मिलनसार और मददगार स्वभाव के कारण गांव ही नहीं, बल्कि विदेश में भी लोगों के बीच पहचान बना चुका था। वह जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहता था। अमेरिका में भी उसने कई भारतीयों की मदद की थी, जो किसी परेशानी में फंस जाते थे। गांव में रहते हुए भी उसका यही स्वभाव था। उसने दरड़ गांव के पास स्थित स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की थी।
मृतक के पिता रिशाल सिंह ने बताया कि बेटे को अमेरिका भेजने के लिए करीब 60 लाख रुपए खर्च किए गए थे। चेतक डंकी के रास्ते वहां पहुंचा था और एक स्टोर में काम कर रहा था। 27 मार्च की रात करीब 3 बजे उन्हें एक कॉल आया, जो चेतक के रूममेट ने किया था, रूममेट उनका पड़ोसी ही है।
उसने बताया कि चेतक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना कैसे हुई और किसने गोली मारी, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पिता ने प्रशासन से अपील की है कि बेटे का शव भारत लाने में मदद की जाए।



























