Advertisement

फायरिंग के आरोपी ने पुल से छलांग लगाई

यमुनानगर में पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की प्लाईवुड फैक्ट्री पर फायरिंग करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को पुलिस टीम उसे वारदात से जुड़े सबूतों की बरामदगी के लिए ले जा रही थी।

तभी खजूरी पुल के पास आरोपी ने पुलिस को चकमा दिया और पुल से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पैरों में चोट आई है।

आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र के सिंनहरी खालसा निवासी अमन उर्फ काकू के रूप में हुई है। उसने 30 मार्च की रात को जठलाना गांव स्थित फैक्ट्री के गेट पर फायरिंग की थी। 30 मार्च की रात 10 बजे जठलाना स्थित दिलबाग सिंह की प्लाइवुड फैक्ट्री ट्रेनाक्स लिमिटेड पर 2 हथियारबंद युवकों ने फायरिंग कर दी थी। गोलियां गेट को चीरते हुए अंदर खड़े ट्रक तक जा पहुंचीं। उस समय फैक्ट्री में मजदूर काम कर रहे थे। हालांकि, किसी को गोली नहीं लगी। घटना की सूचना के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। मौके से 8 गोलियों के खोल बरामद हुए।

फायरिंग के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट से इसकी जिम्मेदारी ली गई। गैंगस्टर शुभम पंडित और नोनी राणा ने पोस्ट में लिखा- यह तो सिर्फ ट्रेलर था। जो भी दिलबाग के साथ मिलकर काम करेगा, अपनी तैयारी कर लो। किसी को फोन नहीं किया जाएगा। जो हमारी कॉल को नजरअंदाज कर रहे हैं, वे सब अपनी तैयारी कर लें।