Advertisement

उपराष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर बड़ौली का तंज, कहा- कांग्रेस अपने सांसदों को वोटिंग की ट्रेनिंग नहीं देती

रोहतक  : उपराष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी द्वारा भाजपा पर आरोप लगाने पर हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने सांसदों को वोट डालने की ट्रेनिंग नहीं देती और बाद में क्रॉस वोटिंग का आरोप भाजपा पर लगाती है। जबकि भाजपा हमेशा चुनाव से पहले अपने सांसदों को प्रशिक्षण देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चुनाव से पहले प्रशिक्षण लिया था।

मोहनलाल बडोली रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के लॉ डिपार्टमेंट में आयोजित वन नेशन, वन इलेक्शन सेमिनार में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बाढ़ राहत को लेकर कांग्रेस की आलोचना पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आरोप लगाने से पहले यह देखना चाहिए कि जहां उनकी सरकारें हैं, वहां आपदा के दौरान जनता को कितनी मदद दी जाती है। हरियाणा सरकार ने न केवल अपने राज्य में बल्कि अन्य बाढ़ प्रभावित राज्यों की भी सहायता की है। साथ ही भाजपा कार्यकर्ता जरूरतमंदों की सेवा में हमेशा आगे रहते हैं।

वहीं, कांग्रेस संगठन पर निशाना साधते हुए बडोली ने कहा कि उसका ढांचा भाई-भतीजावाद पर आधारित है, जबकि भाजपा में कार्यकर्ताओं को महत्व देकर आगे बढ़ाया जाता है। इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के मुख्यमंत्री सैनी पर किए गए कटाक्ष पर भी बडोली ने तीखा वार किया। उन्होंने कहा कि अभय सिंह चौटाला को खुद नहीं पता कि वह क्या कह रहे हैं। इसी वजह से प्रदेश की जनता ने उन्हें चुनावों में नकार दिया था।