Advertisement

CM नायब सैनी का आरोप: ‘पश्चिम बंगाल में हिंदू निशाने पर, ममता बनर्जी विशेष वर्ग को साधने में लगी

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया है कि उनकी सरकार एक विशेष वर्ग को साधने में लगी हुई है, जबकि हिंदुओं को निशाने पर लिया जा रहा है।

आम जनता, विशेषकर महिलाएं लगातार उत्पीड़न और शोषण का सामना कर रही हैं। एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद महिलाओं की स्थिति दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सब जानते हैं कि पश्चिम बंगाल में किस प्रकार हिंदू समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है और राज्य सरकार संवैधानिक दायित्वों का पालन करने के बजाय भेदभाव की राजनीति कर रही है।

जनता ने वोट देकर उन्हें संवैधानिक पद पर बिठाया, लेकिन ममता भेदभाव करते हुए वोट बटोरने की राजनीति में लगी हैं। उन्होंने सत्ता हासिल करने के लिए बाहर के लोगों को प्रदेश में जगह देकर राज्य की सामाजिक संरचना को कमजोर किया है, इसलिए अब एसआईआर का विरोध किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सभी योजनाएं 140 करोड़ भारतीयों के समग्र कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार की जाती हैं ताकि आम नागरिकों का जीवन सरल बने और उन्हें योजनाओं का सीधा लाभ मिले। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री अपनी राजनीति को एक विशेष वर्ग तक सीमित करने में लगी हैं।

पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं के लिए घोषित योजना के बावजूद वहां महिलाओं को अब तक लाभ न मिलने के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार सिर्फ शोर मचाने वाली है। कांग्रेस की हालत भी इससे अलग नहीं है। कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले दल केवल शोर ज्यादा मचाते हैं, काम कुछ नहीं करते।