Advertisement

हरियाणा CM का शपथग्रहण 17 अक्टूबर को:तीसरी बार बदली डेट

चंडीगढ़।
हरियाणा सीएम का शपथग्रहण समारोह अब 17 अक्टूबर को होगा। यह तीसरी बार है जब प्रदेश के सीएम के शपथग्रहण समारोह की तारीख बदली गई है। इससे पहले 12 और 15 अक्टूबर की तारीख तय की गई थी।
शुक्रवार शाम को केंद्रीय नेतृत्व ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को फिर दिल्ली बुलाया था। यहां नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। जहां देर रात तक बैठक हुई, जिसमें शपथ ग्रहण समारोह और सैनी मंत्रिमंडल पर चर्चा हुई।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा अमित शाह और राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस दौरान सैनी मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा करेंगे।
पंचकूला के सेक्टर 5 स्थित परेड ग्राउंड को शपथ ग्रहण के लिए चुना गया है। यहां मंच बनाया जा रहा है। कार्यक्रम में 50 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। शुक्रवार को पूर्व सांसद संजय भाटिया और एडीजीपी आलोक मित्तल ने परेड ग्राउंड में तैयारियों का जायजा लिया।
हरियाणा रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नए आवास पर पहुंचे। मनोहर लाल का नया आवास अब गृह मंत्री अमित शाह के पास है। नायब सिंह सैनी सुबह करीब 11 बजे दिल्ली से रवाना होंगे। वे कुरुक्षेत्र जाएंगे।
वहां वे शाम 4 बजे लाडवा विधानसभा में दशहरा कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहां से वे शाम करीब 6 बजे पंचकूला आएंगे। जहां वे शालीमार गार्डन में दशहरा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
हरियाणा विधानसभा चुनाव के रिजल्ट 8 अक्टूबर (मंगलवार) को आए, जिसमें भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है। भाजपा के खाते में 48 सीटें आईं। 3 निर्दलीय विधायकों ने भी भाजपा को समर्थन दे दिया। ऐसे में भाजपा के पास कुल 51 विधायक हो गए हैं। भाजपा को समर्थन देने वाले विधायकों में बहादुरगढ़ से राजेश जून, गन्नौर से देवेंद्र कादियान और हिसार से सावित्री जिंदल शामिल हैं।

अपने आस-पास की खबरे देखने के लिए हमारा youtube चैनल Subscribe करे Subscribe करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे https://www.youtube.com/bhiwanihulchal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *