Advertisement

हरियाणा में लगातार 2 दिन बारिश, ओले भी गिरेंगे

पानीपत।

हरियाणा में 15 और 16 जनवरी को बारिश की संभावना है। 15 जनवरी को कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। अगले 6 दिन में मौसम कई बार करवट बदलेगा। वहीं मंगलवार को सुबह 11 जिलों में घनी धुंध छाई। इससे विजिबिलिटी भी 10 से 50 मीटर तक रही। हालांकि सुबह 11 बजे के बाद धूप निकलने से धुंध कम हो गई।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में कोल्ड वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में हिसार, रोहतक, चरखी-दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल शामिल है।

वहीं गुरुग्राम में सोमवार को अलग-अलग स्थानों से 2 युवकों के शव मिले हैं। इनमें से एक की पहचान उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद निवासी मनोज के रूप में हुई है। दूसरे करीब 35 वर्षीय युवक के शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक जांच में दोनों की मौत का कारण ठंड लगना बताया जा रहा है।

24 घंटों में हरियाणा में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली है। मगर अब भी यह सामान्य से ऊपर है। करनाल की रात सबसे ठंडी रही। यहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा सिरसा में तापमान 5.4 डिग्री और हिसार के बालसमंद में तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया है।

वहीं हिसार में पारा 7.1, महेंद्रगढ़ में 5.8, रोहतक में 9.2, जींद में 7.3, कुरुक्षेत्र में 7.1, गुरुग्राम में 9.3, फरीदाबाद में 9.7, पानीपत में 8.5 और सोनीपत में 7.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।

हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि आज से ठंड का तीसरा दौर शुरू हो गया है। अगले 20 दिन तक शीतलहर चलेगी। आज से तापमान में और गिरावट आएगी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख में बर्फ पिघलने से ठंड का असर बढ़ेगा।