गोल्ड और सिल्वर मार्केट में 30 जनवरी को बड़ी गिरावट आई है। सुबह के कारोबार के दौरान प्रॉफिट बुकिंग के कारण MCX पर चांदी 67 हजार रुपए (17%) गिर गई। 1 किलो चांदी का भाव 3.32 लाख रुपए पर आ गया। हालांकि अभी इसमें थोड़ी रिकवरी है और ये 12% की गिरावट के साथ 3.51 लाख पर आ गई है।
MCX पर सोने में भी आज सुबह के कारोबार के दौरान 15 हजार रुपए (9%) की गिरावट थी। 10 ग्राम सोना 1.54 लाख रुपए पर आ गया था। वहीं सोना अब थोड़ा रिकवर हुआ है और ये 3% की गिरावट के साथ 1.64 लाख रुपए पर ट्रेड कर रहा है। सोने और चांदी के ETF में भी आज 23% तक की गिरावट दर्ज की गई है।
वहीं सर्राफा बाजार में चांदी 40,638 रुपए और सोना 9,545 रुपए सस्ता हुआ है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार एक किलो चांदी की कीमत 3,39,350 रुपए किलो पर आ गई है। वहीं 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,65,795 रुपए पर आ गया है।
भाव में गिरावट की 5 वजह?
1. रिकॉर्ड हाई के बाद मुनाफावसूली ने पलटा ट्रेंड : पिछले कुछ सत्रों में चांदी ने तेज रैली दिखाई थी और गोल्ड-सिल्वर रेश्यो के हिसाब से चांदी का भाव ओवरबॉट जोन में पहुंच गए थे। 4.20 लाख रुपये के स्तर के आसपास पहुंचते ही बड़े खिलाड़ियों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी। ऊंचे स्तरों पर पुष्ट खरीद नहीं मिलने से गिरावट और तेज हो गई।
2. लॉन्ग अनवाइंडिंग से बढ़ा दबाव : MCX डेटा के मुताबिक चांदी में Long Unwinding देखने को मिला। यानी कीमत गिरने के साथ ओपन इंटरेस्ट भी घटा। इसका साफ मतलब है कि जिन ट्रेडर्स ने ऊंचे स्तर पर लॉन्ग पोजीशन बनाई थी, वे तेजी से बाहर निकले। लॉन्ग अनवाइंडिंग अक्सर तेज और अचानक गिरावट को जन्म देती है।
3. ग्लोबल संकेत कमजोर : अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर इंडेक्स में मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल ने कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ाया। चांदी, जो इंडस्ट्रियल मेटल भी है, ग्लोबल ग्रोथ को लेकर चिंता बढ़ते ही ज्यादा संवेदनशील हो जाती है। जैसे ही रिस्क-ऑफ मूड आया, सिल्वर में बिकवाली तेज हो गई।
4. मार्जिन कॉल और स्टॉप लॉस ट्रिगर : तेज गिरावट के दौरान कई पोजीशनों पर स्टॉप लॉस ट्रिगर हुए। इसके साथ ही मार्जिन कॉल के दबाव में मजबूरी की बिकवाली भी सामने आई। इसने गिरावट को और गहरा कर दिया, खासकर इंट्राडे और हाई-लीवरेज पोजीशनों में।
5. तकनीकी स्तर टूटते ही आई स्लाइड : तकनीकी चार्ट पर 3.80 लाख और 3.65 लाख रुपये प्रति किलो के अहम सपोर्ट टूटते ही सेलिंग का दबाव बढ़ गया। सपोर्ट ब्रेकडाउन के बाद एल्गो और शॉर्ट टर्म ट्रेडिंग सिस्टम्स ने भी बिकवाली के संकेत दिए, जिससे भाव सीधे 3.40 लाख के पास आ गए।






















