Advertisement

सरपंच को हनीट्रैप में फंसाने वाली युवती को पड़ा दौरा

 पानीपत।

पानीपत में करनाल के सरपंच से हनीट्रैप केस में साढ़े 3 लाख रुपए लेती पकड़ी युवती की जेल में तबीयत बिगड़ गई। उसे दौरा आया, जिससे वह बेहोश हो गई। पहले उसे जेल में प्राथमिक उपचार दिया गया। यहां ठीक न होने पर उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया।

सेहत में सुधार न होने के चलते उसे भर्ती कर लिया गया। बताया जा रहा कि अब उसके पेट में दर्द है। बीते कल उसे अस्पताल लाया गया था। भर्ती होने के दौरान युवती ने डॉक्टरों को आपबीती बताई। युवती ने कहा कि उसके साथ गैंगरेप हुआ है, लेकिन पुलिस उसका मेडिकल नहीं करवा रही है। वह अपना मेडिकल करवाना चाहती है।

उसने फिर से अपनी कहानी बताते हुए कहा कि पुलिस ने उसे जबरन रुपए देकर फंसाया है। उसके साथ जिस युवक को उसका दलाल बताकर गिरफ्तार किया था, उसे वह जानती तक नहीं है, लेकिन पुलिस उसके साथ अन्याय कर रही है। वह बार-बार यही कहती रही कि उसके साथ गुरुग्राम में गैंगरेप हुआ है, लेकिन पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है। उसे ही आरोपी साबित कर रही है। जब डॉक्टरों ने इस बारे में पुलिस से बातचीत की तो पुलिस ने मेडिकल करने से मना कर दिया। पुलिस का कहना था कि युवती की ओर से कभी कोई शिकायत नहीं दी गई। उसे पुलिस ने सबूतों के साथ हनीट्रैप में पकड़ा है। हालांकि पेट दर्द होने के चलते युवती अभी सिविल अस्पताल में ही भर्ती है।