Advertisement

भिवानी में प्राकृतिक खेती के गुर सिखाएंगे गुजरात के राज्यपाल

गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत 21 अप्रैल को भिवानी स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में आएंगे। इस दौरान शिक्षकों को प्राकृतिक खेती के गुर सिखाएंगे। इस कार्यक्रम में 2 मंत्री, सांसद, व 4 विधायक शामिल होंगे। इस दौरान वे करीब 250 परिवारों को मिट्‌टी के गमले भी भेंट करेंगे।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में 21 अप्रैल को प्राकृतिक खेती पर एक कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस विशेष कार्यशाला में राज्यपाल द्वारा प्रदेशभर से शिक्षकों प्राकृतिक खेती के साथ-साथ संस्कारयुक्त शिक्षा पर विशेष संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान बोर्ड परिसर में रह रहे करीब 250 परिवारों को दो-दो मिट्टी के गमले भी दिए जाएंगे, जिनमें वे प्राकृतिक खाद का प्रयोग कर दो-दो पौधे या किसी सब्जी की बेल लगा सकेंगे। इस कार्यक्रम में प्रशिक्षण देने के लिए कुरुक्षेत्र से एक विशेष टीम भी आएगी।

शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा करेंगे वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी व सांसद धर्मबीर सिंह पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, चरखी दादरी के विधायक सुनील सांगवान व बाढ़ड़ा के विधायक उमेद पातुवास भी शामिल होंगे।

डीसी कार्यालय से प्राप्त दौरा कार्यक्रम अनुसार राज्यपाल आचार्य देवव्रत 21 अप्रैल को 11 बजे हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेगे, जिसमें वे शिक्षकों को प्राकृतिक खेती करने व उसके फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।

कार्यक्रम संपन्न होने के पश्चात वे पूर्व सांसद चौ. जंगबीर सिंह के निधन पर शोक प्रकट करने के लिए स्थानीय वैश्य कॉलेज के पंघाल भवन जाएंगे। इसके पश्चात राज्यपाल स्थानीन बया पर्यटन केंद्र आएंगे, यहां पर वे भिवानी व दादरी के पत्रकारों से मिलेंगे। इस दौरान नगर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।