Advertisement

हरियाणा में आज से हीट वेव का यलो अलर्ट

हरियाणा में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश में 20 से 24 अप्रैल तक हीट वेव (लू) को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया, जिसने अप्रैल की तपन का अहसास करा दिया है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है। आईएमडी के अनुसार, दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के जिलों में लू का असर ज्यादा रहेगा। 20 और 21 अप्रैल को नारनौल और रोहतक जैसे इलाकों में ‘वार्म नाइट’ यानी गर्म रातों की स्थिति भी बनी रहेगी।

वहीं, कृषि मौसम विज्ञान विभाग (HAU), हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 25 अप्रैल तक मौसम आमतौर पर शुष्क और गर्म रहेगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि 26 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में फिर बदलाव आने की उम्मीद है।

 सोमवार को नारनौल 42.0°C के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। रोहतक में पारा 41.6°C और सिरसा में 40.6°C दर्ज किया गया। औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1°C अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुष्क हवाओं के कारण दिन के तापमान में अभी 3-4 डिग्री की और वृद्धि होगी। विशेषकर दोपहर 12 से 4 बजे के बीच लू के थपेड़े लोगों को बेहाल करेंगे। रोहतक और करनाल जैसे शहरों में हीटवेव की स्थिति पहले ही दर्ज की जा चुकी है।

 हरियाणा में न्यूनतम तापमान में कल की तुलना में -0.5°C की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान करनाल में 18.0°C रहा, जबकि नूंह में यह 27.9°C तक पहुंच गया। अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य बना हुआ है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 18.1°C रहा, जो सामान्य से -3.2°C कम है। वहीं, नारनौल में तापमान सामान्य से 4.7°C अधिक दर्ज किया गया।